
रायबरेली: नाली निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, पीड़ित परिवार ने अधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार
रायबरेली जिले के डलमऊ तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सराय दिलावर दरबानीहार में नाली निर्माण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव के कुछ परिवारों ने ब्लॉक स्तर के अधिकारियों और ग्राम प्रधान पर नाली निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 25 मीटर नाली पास कराई गई थी, लेकिन मौके पर लगभग 9 मीटर ही नाली का निर्माण कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार इस कारण उनके घरों के आसपास गंदा पानी जमा रहता है और निकास की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि इस समस्या के चलते गर्मी के मौसम में बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि वे इस मामले को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई गई, साथ ही तहसील दिवस और थाना दिवस में भी प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
मंगलवार को पीड़ित परिवार गांव के अन्य लोगों के साथ जिला अधिकारी कार्यालय भी पहुंचा और अपनी समस्या से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता से मुलाकात की। ग्रामीणों के अनुसार सीडीओ ने मामले की जांच कराकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
फिलहाल ग्रामीणों को उम्मीद है कि अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद नाली निर्माण और निकास की समस्या का जल्द समाधान हो सकेगा। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।










