
पुस्तैनी जमीन पर जबरन मकान बनाने का आरोप, पीड़िता ने उपमुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
डलमऊ (रायबरेली):
थाना क्षेत्र के भागू नाथ खेड़ा लालगंज रोड निवासी पूंजा यादव ने अपनी पुस्तैनी भूमिधरी जमीन पर विपक्षियों द्वारा जबरन मकान बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उक्त जमीन उनके बाबा के नाम दर्ज है और उसका वारासत का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।
पूंजा यादव के अनुसार जब उन्होंने उसी जमीन पर अपना मकान बनवाने का प्रयास किया तो विपक्षियों ने कथित रूप से लेखपाल और पुलिस की मदद से उनका निर्माण कार्य रुकवा दिया। पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिन बाद उन्हीं विपक्षियों ने बाहुबल और कथित प्रशासनिक सहयोग के बल पर रातों-रात उसी जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कराकर मकान खड़ा कर लिया।
पीड़िता का आरोप है कि 7 मार्च की रात विपक्षी रोहिणी पत्नी अनूप, उदयराज, दुर्गा प्रसाद, शैलेन्द्र और सत्येंद्र सहित अन्य लोगों ने पुलिस व लेखपाल से मिलीभगत कर निर्माण कार्य करवा लिया। इस दौरान उनके साथ कई दबंग और असामाजिक तत्व भी मौजूद थे, जिससे वह विरोध भी नहीं कर सकीं।
पूंजा यादव ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हुई। अंततः उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को न्याय मिल पाता है या नहीं।










