
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली। जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 21 दिन कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव केवल वितरण व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने या अतिरिक्त सिलेंडर बुक करने की आवश्यकता नहीं है।
हाल के दिनों में गैस बुकिंग में अचानक 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि कुछ उपभोक्ता भविष्य की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सिलेंडर बुक करने लगे हैं, जिससे वितरण व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। इसी स्थिति को देखते हुए बुकिंग की समयावधि 15 दिन से बढ़ाकर 21 दिन कर दी गई है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा सके।
जिले में कुल 56 गैस एजेंसियां संचालित हैं और करीब 6.65 लाख एलपीजी कनेक्शन धारक हैं। पहले उपभोक्ताओं को औसतन 15 से 20 दिन के भीतर सिलेंडर मिल जाता था, जिससे एक माह में दो सिलेंडर उपलब्ध हो जाते थे। नई व्यवस्था के बाद अब दो सिलेंडर मिलने में लगभग डेढ़ माह का समय लग सकता है।गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, वर्तमान में घरेलू गैस की मांग में बढ़ोतरी देखी जा रही है। डीह व सूर्या गैस एजेंसी के मालिक जयवर्धन राज ने बताया कि घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई की समयावधि बढ़ाई गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पहले की तुलना में काफी कम हो गई है। इससे होटल व्यवसायियों और लॉन संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुधा गैस एजेंसी के मालिक अंबेश पांडेय ने बताया कि इस समय गैस बुकिंग में करीब 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ है और सिलेंडर की डिलीवरी फिलहाल 22 से 25 दिन के भीतर हो पा रही है।
वहीं जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान ने कहा कि घरेलू गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर बुक न करें, क्योंकि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिलती रहेगी।










