निर्माणाधीन मीटिंग हॉल व ओवरहेड टैंक निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने अतिक्रमण मुक्त भूमि पर दुकानों व पार्क निर्माण के निर्देश।

शाहजहाँपुर। जनपद की नगर पंचायत मीरपुर कटरा का आज जिला अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने औचक निरीक्षण किया। सर्वप्रथम उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने जन्म एवं मृत्यु पटल के रजिस्टरों की जांच की तथा निर्देशित किया कि जन्म-मृत्यु से संबंधित प्रतिदिन प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों के लिए पृथक दैनिक रजिस्टर तैयार किया जाए, जिससे अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख रखाव सुनिश्चित किया जा सके।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत कार्यालय परिसर के सामने निर्माणाधीन मीटिंग हॉल का निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यकतानुसार मीटिंग हॉल के रीनोवेशन का कार्य भी कराए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, जिससे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठकों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
साथ ही जिलाधिकारी ने जल निगम शाहजहाँपुर द्वारा पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक का निरीक्षण के दौरान जल निगम के अवर अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक का कार्य जून 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्रवासियों को शुद्ध पेयजल की समुचित सुविधा प्राप्त हो सके।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय परिसर के निकट स्थित कृषि रक्षा इकाई की जर्जर एवं अनुपयोगी पुरानी भवन को ध्वस्त कर वहां पार्क एवं अन्य जनोपयोगी सुविधाओं के विकास के निर्देश दिए। साथ ही नगर पंचायत कटरा द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि, गाटा संख्या 1406 एवं 1403 का निरीक्षण करते हुए अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि उक्त भूमि पर तत्काल प्रभाव से दुकानों का निर्माण कराया जाए, जिससे नगर पंचायत की आय में वृद्धि हो सके तथा स्थानीय नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।










