
रायबरेली में गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासन सतर्क, घबराने की जरूरत नहीं – जिलाधिकारी हर्षिता माथुर
रायबरेली। जिले में गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की सप्लाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील स्तर पर सप्लाई इंस्पेक्टर की टीम गठित कर दी गई है, जो गैस वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी कर रही है। इसके साथ ही सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक की भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि जिले में गैस की उपलब्धता सुचारु रूप से बनी रहे और किसी भी नागरिक को परेशानी न हो। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने जनता से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।










