
CRS NEWS : पाकिस्तान के राष्ट्रपति Asif Ali Zardari ने भारत पर एक और युद्ध की तैयारी करने का आरोप लगाते हुए दक्षिण एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है। सोमवार को दिए अपने बयान में जरदारी ने कहा कि भारतीय नेता खुले तौर पर एक और जंग की तैयारी की बात कर रहे हैं, जो क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर संकेत है।
उन्होंने कहा, “हम हमेशा से इलाके में अमन के पक्षधर रहे हैं। मैं भारत को सलाह दूंगा कि वह जंग के मैदान से हटकर सार्थक बातचीत की मेज पर आए, क्योंकि क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता का यही एकमात्र रास्ता है।”
कश्मीर मुद्दे पर दोहराया रुख
जरदारी ने जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान का रुख दोहराते हुए कहा कि इस्लामाबाद वहां के लोगों को कूटनीतिक और नैतिक समर्थन देता रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक कश्मीर विवाद का समाधान नहीं होता, तब तक दक्षिण एशिया में स्थायी शांति संभव नहीं है।
सिंधु जल संधि पर फैसले की आलोचना
पाक राष्ट्रपति ने भारत द्वारा Indus Waters Treaty पर रोक लगाने के फैसले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे ‘हाइड्रो-टेररिज्म’ करार देते हुए आरोप लगाया कि भारतराजनीतिक लाभ के लिए पानी को हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहा है। जरदारी ने कहा कि पानी जैसे संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक विवाद का हिस्सा बनाना क्षेत्रीय अस्थिरता को बढ़ावा देगा।
अफगानिस्तान और सुरक्षा पर बयान
जरदारी ने संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए अफगानिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों की मौजूदगी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि इस खतरे को नजरअंदाज किया गया तो अन्य देश भी बड़े हमलों का शिकार हो सकते हैं।
उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान ने सीमा पार से होने वाली आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए सैन्य टकराव के बजाय कूटनीतिक उपायों को प्राथमिकता दी है।
अंत में पाक राष्ट्रपति ने कहा, “पाकिस्तान की धरती पवित्र है। हम किसी भी देश को, चाहे वह घरेलू हो या विदेशी, अपनी सरजमीं का इस्तेमाल पड़ोसी देशों के खिलाफ शांति भंग करने के लिए नहीं करने देंगे।”
क्षेत्र में बढ़ते बयानबाज़ी के बीच दोनों देशों के रिश्तों पर एक बार फिर तनाव के बादल मंडराते दिखाई दे रहे हैं।








