
स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली, शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर
दीनशाह गौरा, रायबरेली।
विकास क्षेत्र दीनशाह गौरा में खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजनमानस को शिक्षा के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी अशोक सचान ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य लक्ष्य बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा ड्रॉपआउट दर को कम करना है। साथ ही अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
ब्लॉक संसाधन केंद्र से प्रारंभ हुई यह रैली कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर “स्कूल चलें हम”, “सब पढ़ें, सब बढ़ें” और “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे प्रेरणादायक नारे लगा रहे थे।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैलेश पांडे ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और सभी अभिभावकों को अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना चाहिए, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। वहीं एसआरजी सुनील यादव ने ‘स्कूल चलो अभियान’ की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर शिक्षकगण—अखिलेश कुमार, हृकेश यादव, धर्मेंद्र सिंह, उमेश त्रिवेदी, जंग बहादुर, उमेश वर्मा, सर्वेंद्र सिंह, धर्मेंद्र शर्मा, मनीष दीक्षित, संतोष आनंद, बृजेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, उदय रावत, रोहित कुमार, पारितोष सिंह, धर्मेंद्र यादव, अरबाब हैदर, कुँवर जी यादव, अनूप सिंह, सौरभ सिंह, संतोष मौर्य, श्याम शंकर त्रिवेदी, सुधीर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।










