
CRS NEWS : लखनऊ। होली पर्व से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न इलाकों से भारी मात्रा में मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री जब्त की है। छापेमारी के दौरान करीब छह क्विंटल मिलावटी व बदबूदार खोया, 25 हजार लीटर से अधिक घटिया खाद्य तेल, नौ क्विंटल चायपत्ती सहित कुल 30 हजार किलोग्राम से अधिक संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को इटौंजा, सरोजनीनगर, मोहिबुल्लापुर, हरचंद्रपुर गढ़ी कनौरा, जलालपुर, दुबग्गा और बीकेटी समेत कई क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 32 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि खराब और सड़ी-गली सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके साथ ही एक बिना लाइसेंस संचालित इकाई को बंद कराया गया।
इटौंजा के पुरानी बाजार स्थित बी.एन. इंटरप्राइजेज में बिना किसी प्रयोगशाला जांच के सरसों और रिफाइंड सोयाबीन तेल की पैकिंग की जा रही थी। यहां से 16,300 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल और 9,081 लीटर सरसों का तेल बरामद किया गया, जिन पर भ्रामक और अधूरी जानकारी अंकित थी। तेल की खरीद से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी नहीं मिले। प्रशासन ने पूरा स्टॉक सीज कर आधा दर्जन नमूने जांच के लिए भेजे हैं।सरोजनीनगर में खुर्शीद राजा के चायपत्ती गोदाम से लगभग नौ क्विंटल चायपत्ती को मिलावट की आशंका में सीज किया गया। वहीं मोहिबुल्लापुर में हरियाणा गृह उद्योग से 338 किलोग्राम खराब बेसन मिलने पर उसे नष्ट कराया गया।
हरचंद्रपुर गढ़ी कनौरा में 428 किलोग्राम घटिया नमकीन सीज की गई, जबकि जलालपुर में महादेव ट्रेडर्स के यहां से 1,923 किलोग्राम मटर दाल और 99 किलोग्राम रंगीन बूंदी को सीज किया गया। दुबग्गा क्षेत्र में बिना खाद्य लाइसेंस संचालित राधा इंटरप्राइजेज को तत्काल बंद करा दिया गया। इसके अलावा खोयामंडी बीकेटी में दुर्गंधयुक्त 17 किलोग्राम खोया को विनष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली जैसे त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर सख्त नजर रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता से अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना विभाग को दें और केवल प्रमाणित व विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदारी करें।








