
गौरा हरदो ग्राम सभा में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, ‘स्मार्ट ग्राम’ का दावा खोखला
रायबरेली। विकासखंड दीन शाह गौरा क्षेत्र की ग्राम सभा गौरा हरदो को शासन द्वारा ‘स्मार्ट ग्राम सभा’ घोषित किए जाने के बावजूद जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। गांव और बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी व्याप्त है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ग्राम सभा में तैनात सफाई कर्मी नियमित रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। इसका परिणाम यह है कि सार्वजनिक स्थानों, खासकर इंटरलॉकिंग सड़कों और खड़ंजों पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गए हैं। इन गंदगी के ढेरों से उठने वाली दुर्गंध और फैलती गंदगी से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार ‘स्वच्छता अभियान’ को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास और जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही से इन प्रयासों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। ‘स्मार्ट ग्राम’ का तमगा केवल कागजों तक सीमित रह गया है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि ग्राम सभा में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो और गांव को वास्तव में स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जाए।
।










