
एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
रायबरेली। आगामी 14 व 15 मार्च को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शहर में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि जनपद में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां एक पाली में करीब 3600 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
निरीक्षण के दौरान सभी कमरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। साथ ही परीक्षार्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने केंद्रों के प्रवेश द्वार पर कड़ी चेकिंग के साथ धातु डिटेक्टर से जांच करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग परीक्षा को पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।










