ऑनलाइन गैस बुकिंग न होने के कारण सिलेंडर के लिए परेशान पब्लिक, एजेंसियों पर लगी लाइनें।

तिलहर/शाहजहांपुर-क्षेत्र में रसोई गैस उपभोक्ताओं को इन दिनों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन गैस बुकिंग सिस्टम काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण उपभोक्ता गैस सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। एजेंसी की ओर से साफ कर दिया गया है कि जब तक ऑनलाइन बुकिंग नहीं होगी, तब तक सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। इस स्थिति के चलते गैस एजेंसियों पर सिलेंडर लेने वालों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं। सुबह से ही उपभोक्ता एजेंसी के बाहर पहुंचकर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बुकिंग न होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध के कारण तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इसी वजह से ऑनलाइन सिस्टम और वितरण व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर जल्द ही बुकिंग व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो घरेलू रसोई पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। बात करने पर एजेंसी मालिकों का कहना है सर्वर डाउन होने के कारण दिक्कत आ रही है। कस्टमर को चाहिए कि अपने-अपने मोबाइल से ही बुक करते रहें, बुक होने के बाद में गैस मिल जाएगी। वहीं लोग प्रशासन और गैस कंपनियों से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग कर रहे हैं।










