
थाना प्रभारी की सतर्कता से गदागंज थाना क्षेत्र में होली का पर्व सकुशल सम्पन्न
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र में होली का त्योहार इस वर्ष शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। क्षेत्र के धमधमा, कुरौली बुधकर, मतीनगंज, धूता सहित सैकड़ों गांवों में लोगों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर और फाग गाकर होली का पर्व पारंपरिक ढंग से मनाया।
होलिका दहन के साथ ही पर्व की शुरुआत हुई। धार्मिक मान्यता के अनुसार भक्त प्रह्लाद की रक्षा और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस त्योहार को लोगों ने पूरे उत्साह के साथ मनाया। फाल्गुन माह में मनाए जाने वाले इस पर्व पर घर-घर पकवान बने और लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर पुराने मनमुटाव भुलाए।
संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। गदागंज थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी सुबह से ही भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील रहे और चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए रखी। पुलिस की सतर्कता और सक्रियता के चलते पूरे थाना क्षेत्र में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि खाकी की मुस्तैदी के कारण त्योहार पूरी तरह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।










