
अराजक तत्वों के द्वारा मंदिरों में चोरी व सामान अस्त-व्यस्त, मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी
रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर धई गांव में मंगलवार सुबह मंदिरों में चोरी और सामान अस्त-व्यस्त किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एक के बाद एक तीन मंदिरों को निशाना बनाए जाने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दिलीप कुमार (पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार) जब रोजाना की तरह महादेव मंदिर में पूजा करने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर का सामान बिखरा पड़ा है और पूजा में प्रयुक्त घंटी चोरी हो चुकी है। इसके अलावा गांव के हनुमान मंदिर और हरि साहनी माता मंदिर में भी अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही गदागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है, लेकिन लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और आशंका जताई जा रही है कि यह किसी साजिश के तहत माहौल खराब करने की कोशिश जा रही है पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।
इस मौके पर गदागंज व्यापार मंडल अध्यक्ष इंतजार सिंह व विश्व हिंदू प्रखंड अध्यक्ष पुष्कर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना पर चिंता व्यक्त की।










