
देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी गंभीर घायल
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र में देर रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे बल्दी मजरे हमीरमऊ निवासी अरविंद उर्फ लाला यादव (लगभग 36 वर्ष) बुधवार देर रात अपनी पत्नी मीना के साथ मोटरसाइकिल से जगतपुर से एक निमंत्रण कार्यक्रम से वापस घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे काकोरन रोड स्थित लल्ली की चक्की के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मखदूमपुर चौकी इंचार्ज जय प्रकाश पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सीएचसी जगतपुर भिजवाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद अरविंद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें एम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी मीना गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।










