
अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई ईद, अमन-चैन की गूंजी दुआएं
रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र में ईद का पर्व इस वर्ष भी पूरे उत्साह, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही, धमधमा, जलालपुर धई, दाऊद पुर गड़ाई , कुरौली बुधकर, मतीनगंज, दीन शाह गौरा सहित अनेक गांव की ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर ओर रौनक का माहौल नजर आया।
नन्हे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने नए और पारंपरिक वस्त्र पहनकर ईद की नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं मांगीं।
पूरे क्षेत्र में आपसी सौहार्द और एकता की मिसाल देखने को मिली, जहां लोगों ने मिलजुलकर इस पवित्र त्योहार की खुशियां साझा कीं।
वहीं, कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी,एसडीएम सतेंद्र सिंह व गदागंज थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।










