
होली व रमजान को लेकर गदागंज पुलिस अलर्ट, जलालपुर धई और धमधमा में एसडीएम-सीओ ने किया फ्लैग मार्च
रायबरेली। आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गदागंज थाना क्षेत्र की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में शनिवार शाम थाना क्षेत्र के धमधमा एवं जलालपुर धई गांव में प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
डलमऊ क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी एवं उपजिलाधिकारी सतेंद्र सिंह ने थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी के नेतृत्व में दोपहिया व चारपहिया वाहनों के साथ गांवों में फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए अराजक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोनों पर्व शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान के प्रतीक हैं, इसलिए सभी नागरिकों का दायित्व है कि वे मिलजुलकर इन्हें सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।










