
गदागंज (रायबरेली): भक्ति और श्रद्धा के साथ श्री राम महायज्ञ का शुभारंभ
गदागंज क्षेत्र के लल्ली चक्की धूता चौराहा पर आज पूरे विधि-विधान और धार्मिक उत्साह के साथ श्री राम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजा पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी एवं कलश पूजन के साथ हुई, जिसमें विद्वान आचार्यों द्वारा देवी-देवताओं का आवाहन कर यज्ञ की पवित्रता स्थापित की गई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्तों ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त किया और वातावरण भक्तिमय बना रहा। पूरे क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों की गूंज सुनाई देती रही।
शाम 5 बजे से 9 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया, जिसमें आचार्य गौरांग कृष्ण जी महाराज ने भागवत कथा का महात्म्य विस्तार से बताते हुए सूत जी एवं 88 हजार ऋषियों की पावन कथा का श्रवण कराया। कथा के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति रस में डूबे रहे।
इस धार्मिक आयोजन में श्री शर्वेश जी महाराज, के.के. शुक्ला, राहुल मुगदल, राहुल द्विवेदी, संत हेमंत, आचार्य सौरभ शर्मा, आयोजक नमामि पांडे, संत प्रसाद पाण्डेय, शिव शंकर तिवारी, गया बख्श सिंह, उमानाथ सिंह, राजबिहारी तिवारी, सागर सेठ, रज्जन यादव, बाल जी तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।










