
पुलिस की कड़ी निगरानी में जलालपुर धई में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ होली का पर्व
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर धई में होली का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। क्षेत्र की परंपरा के अनुसार यहां होली का पर्व मुख्य तिथि के लगभग एक सप्ताह बाद मनाया जाता है, जिसके चलते पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
इस वर्ष होली के साथ अलविदा जुमे को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। गदागंज थाना प्रभारी दयानंद तिवारी सुबह से ही कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे, ताकि किसी भी प्रकार की अराजकता या अप्रिय घटना न हो सके और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रायबरेली के एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा, सीओ डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी, ऊंचाहार कोतवाल अजय राय और डलमऊ कोतवाल राघव सिंह सहित भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
पुलिस की मुस्तैदी और प्रशासन की सक्रियता के चलते क्षेत्र में होली का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। इस दौरान लोगों ने आपसी भाईचारे, सौहार्द और उत्साह के साथ रंगों के इस पर्व को मनाया।










