
कड़ी सुरक्षा के बीच गदागंज थाना क्षेत्र में हर्षोल्लास से हुआ होलिका दहन, सौहार्द का दिखा संदेश
गदागंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम होलिका दहन का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। गांव-गांव और चौराहों पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से होलिका पूजन कर अग्नि प्रज्ज्वलित की तथा परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। गदागंज थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों और प्रमुख बाजारों में तैनात रहा। साथ ही पुलिस टीम लगातार गश्त करती रही, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही और कहीं से किसी विवाद की सूचना नहीं मिली।
होलिका दहन के अवसर पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। लोगों ने होलिका की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर पारंपरिक गीत-संगीत और सामूहिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे माहौल भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।









