
गदागंज थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्व अधिकारियों के न पहुंचने से फरियादियों को निराशा हाथ लगी और कई लोग बिना समाधान के वापस लौटने को मजबूर हुए। हालांकि थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने मौके पर मौजूद रहकर शिकायतों को सुना और कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 5 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि 3 शिकायतों को राजस्व से संबंधित पाते हुए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
मटियारा गांव निवासी सुमन देवी ने आरोप लगाया कि उनके घर के पास स्थित वर्षों पुरानी आबादी की जमीन पर बंधे पशुओं के खूंटे विपक्षियों द्वारा जबरन तोड़ दिए गए। वहीं मनिहर शर्की गांव के बाघ का पूर्वा निवासी राज नारायण पाल ने अपने ही भाई पर पुश्तैनी मकान में हिस्सा न देने और अवैध कब्जा करने की शिकायत दर्ज कराई।
अन्य तीनों शिकायतें भी राजस्व विभाग से संबंधित पाई गईं, जिनके निस्तारण के लिए संयुक्त टीम को मौके पर रवाना किया गया।
इस दौरान दरोगा मोहम्मद मुकरीम, वीरेंद्र यादव, अनिल शर्मा, कानूनगो शिव प्रकाश त्रिवेदी, लेखपाल दिनेश चौरसिया, आदित्य पटेल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।










