
सामूहिक विवाह समारोह में नौ जोड़ों ने रचाई शादी, बुद्ध रीति से संपन्न हुआ मांगलिक कार्यक्रम
डलमऊ (रायबरेली): दीन शाह गौरा क्षेत्र में सम्यक सेवा समिति द्वारा आयोजित 12वां सामूहिक विवाह समारोह भव्य और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। गोविंदपुर माधव स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में नौ जोड़ों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सभी विवाह बुद्ध रीति-रिवाज से संपन्न कराए गए, जिसमें जोड़ों ने एक-दूसरे के साथ जीवनभर साथ निभाने की शपथ ली। इस अवसर पर डॉ. आर.पी. मौर्य ने विधिवत सभी जोड़ों का विवाह संस्कार पूर्ण कराया।
विवाह बंधन में बंधने वाले जोड़ों में अमन–कौशल्या, सूरज लाल–सीमा देवी, दीपेंद्र कुमार–सीमा देवी, आदित्य कुमार–सोनी, मनीष कुमार–सरिता, पंकज–प्राची, दुर्गेश–किरण देवी, विकास मौर्य–विनीता और प्रदीप कुमार–विमला शामिल रहे।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। समिति के अध्यक्ष शिव नारायण मौर्य ने बताया कि यह संस्था का 12वां सामूहिक विवाह कार्यक्रम है, जिसे हर वर्ष आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी जोड़ों को उपहार देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर उत्कृष्ट मौर्य अशोक, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ऊंचाहार बी.एन. मौर्य, हरिशंकर मौर्य, चंद्रभान मौर्य, डॉ. आर.पी. मौर्य, आदित्य कुमार, जगदीश प्रसाद और गंगासागर मौर्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही संस्था के संरक्षक श्री राम मौर्य, उपाध्यक्ष रामराज सैनी, सचिव दिलीप कुमार, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार मौर्य एवं बड़ी संख्या में वर-वधू पक्ष के परिजन भी मौजूद रहे।










