
CRS NEWS : केरल में आयोजित ‘सैनिक सम्मान सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने अंतरराष्ट्रीय हालात और देश की सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने बिना किसी देश का नाम लिए स्पष्ट चेतावनी दी कि मौजूदा परिस्थितियों में अगर कोई पड़ोसी देश भारत के खिलाफ दुस्साहस करता है, तो उसे “अभूतपूर्व और निर्णायक जवाब” मिलेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बावजूद भारत पूरी तरह सतर्क है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश में ईंधन को लेकर कोई संकट नहीं है। भारतीय नौसेना Strait of Hormuz में लगातार सक्रिय है और भारतीय टैंकरों को सुरक्षा घेरा प्रदान कर रही है, जिससे तेल आपूर्ति निर्बाध बनी हुई है।
गौरतलब है कि Iran में अमेरिका और इजराइल के साथ चल रहे संघर्ष ने पूरे क्षेत्र को युद्ध जैसी स्थिति में ला दिया है, जिसका असर वैश्विक स्तर पर देखने को मिल रहा है।
इस दौरान रक्षा मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह अभी जारी है और देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने केरल समेत उन राज्यों के लोगों को भी आश्वस्त किया, जिनके परिजन पश्चिम एशिया में कार्यरत हैं, कि भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है।चुनावी माहौल के बीच उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सभी को एकजुट होकर देश के साथ खड़ा होना चाहिए, न कि राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी करनी चाहिए।









