
तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, तीन की मौत
जगतपुर, रायबरेली। रायबरेली से जगतपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार भदोखर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फतेहपुर मोहलिया के पास अनियंत्रित होकर नहर किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान धनंजय सिंह (32) पुत्र अशोक सिंह निवासी दौलतपुर, आशुतोष मौर्या (35) पुत्र चंद्रभान निवासी अलीगंज डिहवा तथा संदीप सिंह (35) पुत्र तेजभान सिंह निवासी प्रहरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार रायबरेली से जगतपुर की तरफ जा रही थी। फतेहपुर मोहलिया के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर लाईक अहमद ने परीक्षण के बाद बताया कि तीनों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।










