
CRS NEWS रायबरेली :रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र में तीन माह पूर्व हुए मदरसा शिक्षक मुर्तजा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को मंझलिहा बाजार में पूर्व मंदिर के पास से घेराबंदी कर दबोचा गया। इस हत्याकांड में इससे पहले छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि सूरज घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
बताया जाता है कि 12 दिसंबर को नसीराबाद के पाठकपुर मजरे बिरनावां निवासी मदरसा शिक्षक मुर्तजा अपनी बेटी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीएचसी के पास नहर पर पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान उनकी बेटी ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई और आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी सूरज फरार था। प्रशासन द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन ने बताया कि सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया, जिसे बाद में न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
👉 पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, जबकि इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।










