
रायबरेली में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक हादसा, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
रायबरेली। शहर के कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
घटना सिविल लाइन ओवरब्रिज के नीचे की बताई जा रही है, जहां किसी कारणवश दोनों युवक रेलवे ट्रैक के पास मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान मेराज (27 वर्ष), निवासी निराला नगर के रूप में हुई है। उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, मृतक युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों युवक रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचे।










