
रायबरेली में स्कूली वाहनों पर सख्ती: बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष चेकिंग अभियान शुरू
रायबरेली में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देश पर स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रशासन और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत एआरटीओ प्रवर्तन उमेश कटियार के नेतृत्व में स्कूली वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, स्पीड गवर्नर, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि जो वाहन निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर रहे हैं, उनके खिलाफ चालान के साथ-साथ अन्य विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










