
कांशीराम जयंती समारोह में पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य, सामाजिक न्याय के लिए उनके विचारों पर चलने का दिया संदेश
रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महामाया चरूहार जियायक विद्यालय में मान्यवर कांशीराम जयंती समारोह बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पहुंचे और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में स्वामी प्रसाद मौर्य ने कांशीराम के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कांशीराम के दिखाए मार्ग पर चलकर ही समाज में समानता और सामाजिक न्याय स्थापित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कांशीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विद्यालय की मां प्रबंधिका शिवा मौर्य ने मुख्य अतिथि स्वामी प्रसाद मौर्य का माल्यार्पण और बुके देकर स्वागत किया।
इस मौके पर बदायूं की पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, अपनी जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र लहरी, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विक्रांत, विधानसभा अध्यक्ष मथुरा पासी, प्रेमचंद मौर्य, बाबू किशोरी लाल यादव, मान्यवर कांशीराम महाविद्यालय के प्राचार्य शिव भवन उत्कृष्ट मौर्य अशोक, दिलीप मौर्य सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










