एकतरफा प्रेम के भूत ने युवक को मोबाइल टावर पर चढ़ने पर किया मजबूर, शादी का आश्वासन मिलने पर उतरा।

तिलहर/शाहजहांपुर। क्षेत्र के गांव कपसेड़ा निवासी रामू कश्यप सोमवार सुबह प्रेम प्रसंग के चलते उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब वह कछियानी खेड़ा स्थित एक डिग्री कॉलेज के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई।
बताया गया कि रामू कश्यप का जयतीपुर क्षेत्र के एक गांव में अपनी मौसी के घर आना-जाना था। वहीं पड़ोस में रहने वाली एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। सोमवार सुबह करीब आठ बजे युवक, युवती से शादी कराने की जिद को लेकर अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव और प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह युवती से शादी का आश्वासन मिलने पर ही नीचे उतरने की जिद पर अड़ा रहा।
करीब साढ़े तीन बजे दोपहर युवती और उसके परिजनों ने युवक से वीडियो कॉल के जरिए बात की और शादी कराने का आश्वासन दिया जिसके बाद युवक टावर से नीचे उतर आया, लेकिन जमीन पर आते ही वह बेहोश हो गया। पुलिस ने तत्काल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे रहे। युवक के सकुशल नीचे उतरने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रशासन को नगर के इस सबसे लंबे मोबाइल के टावर पर तैनात ड्यूटी पर चौकीदार की भी जिम्मेदारी बनती है कि उसकी ड्यूटी की तैनाती पर युवक टावर पर कैसे चढ़ गया। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया टावर के चौकीदार की भी जिम्मेदारी बनती है कि युवक के कैसे टावर के ऊपर चढ़ गया और उपचार के बाद पुलिस प्रशासन ने युवक को हिरासत में लिया जिससे पूछताछ की जा रही है।









