
CRS NEWS : मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार रात रनों की ऐसी बारिश हुई कि इंग्लैंड के गेंदबाज पूरी तरह बह गए। सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना न्यूज़ीलैंड से होगा।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी इंग्लैंड के सामने भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक तेवर दिखाए। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने सबसे शानदार पारी खेलते हुए 42 गेंदों में 89 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्हें तीसरे ओवर में जीवनदान मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
संजू को ईशान किशन ने बेहतरीन साथ दिया। किशन ने 18 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली। इसके अलावा शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन ठोककर छक्कों की बरसात कर दी, जबकि तिलक वर्मा ने अंतिम ओवरों में 7 गेंदों में 21 रन बनाकर टीम को 250 के पार पहुंचा दिया।254 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती ओवरों में ही इंग्लैंड के तीन बड़े विकेट गिरा दिए। हालांकि जैकब बेथेल ने शानदार शतक लगाकर इंग्लैंड को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी।
अंतिम ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रन की जरूरत थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और मैच भारत की झोली में डाल दिया।
इस तरह टीम इंडिया ने रोमांचक मुकाबले में 7 रन से जीत दर्ज करते हुए टी20 विश्व कप के फाइनल का टिकट कटा लिया।










