
आवारा कुत्तों के हमले से बाइक सवार दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर
गदागंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के सरदारगंज रेलवे गुमटी के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब बाइक से घर लौट रहे दो युवकों पर अचानक आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। हमले के चलते बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलशाद (हाफिज) मखदुमपुर,जुमे की नमाज पढ़ाकर अपने गाँव सरदारगंज लौट रहे थे। उनके साथ गाँव के ही अयान भी बाइक पर सवार थे। जैसे ही वे सरदारगंज के पास रेलवे गुमटी के नजदीक पहुंचे, तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने बाइक पर हमला कर दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊंचाहार में भर्ती कराया।
सीएचसी ऊंचाहार में तैनात डॉक्टर निधि के अनुसार, एम्बुलेंस के जरिए दो घायलों को लाया गया, जिनमें अयान को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दिलशाद को हल्की चोटें हैं। प्राथमिक उपचार के बाद अयान की हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि दिलशाद का इलाज सीएचसी में जारी है।
इस घटना से क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।










