
ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कई गांवों में इंटरलॉकिंग सड़कों का लोकार्पण कर जनसभाएं कीं, विकास कार्यों को बताया प्राथमिकता
रायबरेली विकासखंड दीन शाह गौरा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न गांवों में आज ऊंचाहार विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय द्वारा इंटरलॉकिंग सड़कों का लोकार्पण एवं जनसभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दुर्गागंज गांव से हुई, जहां इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन किया गया।
इसके बाद कितूली, धमधमा, गढ़ी चरुहार जियायक, खेमानंदपुर मजरे धीरनपुर तथा पखरौली सहित कई गांवों में क्रमवार लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रत्येक स्थान पर जनसभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में डॉ. पांडेय ने कहा कि ऊंचाहार विधानसभा के प्रत्येक गांव और पूर्वा में इंटरलॉकिंग सड़कें, सोलर लाइट एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण विधायक निधि से लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोई भी गांव विकास कार्यों से वंचित नहीं रहेगा और क्षेत्र को निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की जनता विभिन्न सरकारी योजनाओं—जैसे वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और आयुष्मान कार्ड—का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकती है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवेदन किया जा सकता है। साथ ही, गांव-गांव चौपाल लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक मिश्रा, देवेश वर्मा, अनुराग मिश्रा, रामराज सैन, मोहम्मद फैसल, लवकुश सिंह, कितूली प्रधान भानु यादव, धमधमा के पूर्व प्रधान, जियायक चरुहार के प्रधान जालिम सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, प्रधान एवं पूर्व प्रधान उपस्थित रहे।










