
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत गदागंज में महिलाओं को किया गया जागरूक
गदागंज (रायबरेली)। थाना गदागंज क्षेत्र के ग्राम मदरसा का पुरवा में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं व बच्चियों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम द्वारा महिलाओं को विभिन्न सरकारी टोल फ्री नंबरों जैसे 1090, 1076, 108, 102, 101 और 1930 की जानकारी दी गई तथा इनका उपयोग कब और कैसे करना है, यह भी विस्तार से समझाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, वृद्धा पेंशन तथा साइबर क्राइम से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
इस मौके पर दरोगा मुकरीम, कांस्टेबल श्रीकांत, महिला कांस्टेबल कल्पना यादव और अनामिका मौजूद रहीं, जिन्होंने ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
इस संबंध में थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना क्षेत्र के सभी गांवों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और आत्मनिर्भर बन सकें।










