
*दो बच्चों की मां ने छोड़ा पति का साथ, प्रेमी संग रचाई शादी – थाने पहुंचा मामला, पुलिस ने दोनों पक्षों को बुला की काउंसलिंग*
गदागंज थाना क्षेत्र के अलीपुर चकराई गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो बच्चों की मां ने अपने वैवाहिक जीवन को छोड़कर प्रेमी के साथ नई जिंदगी की शुरुआत कर ली। इस घटना ने गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीपुर चकराई निवासी प्रमोद कुमार ने गदागंज थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अपनी तहरीर में उन्होंने बताया कि उनकी शादी सात वर्ष पूर्व नेहा नामक महिला से हुई थी। इस दंपत्ति के दो बच्चे भी हैं। प्रमोद ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी नेहा का पिछले दो वर्षों से गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
प्रमोद ने बताया कि जैसे ही उसे इस संबंध की जानकारी हुई, उसने कई बार नेहा को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। अंततः 14 जुलाई 2025 को नेहा ने अपने प्रेमी के साथ शादी रचा ली और उसके साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।
शिकायत में प्रमोद ने यह भी आशंका जताई है कि यदि भविष्य में उसकी पत्नी नेहा के साथ कोई अनहोनी या अप्रिय घटना घटती है, तो उसके लिए नेहा और उसका प्रेमी जिम्मेदार होंगे।
इस प्रकरण में जब गदागंज थाने के प्रभारी निरीक्षक बालेन्दु गौतम से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त होते ही दोनों पक्षों को थाने बुलाकर विस्तार से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान नेहा ने स्पष्ट रूप से प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई, जिसके बाद उसे विधिक प्रक्रिया के तहत उसके प्रेमी के साथ भेज दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम से गांव में हलचल मच गई है और लोग इसे सामाजिक व पारिवारिक दृष्टिकोण से अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं। पुलिस ने फिलहाल मामले को आपसी सहमति का मामला मानते हुए निष्पादित कर दिया है।










