
CRS NEWS रायबरेली: नांदेड़ (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रचार के तहत शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नांदेड़ में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का असली उद्देश्य अपने “शाही परिवार” का लाभ पहुंचाना है, और जहाँ भी कांग्रेस सत्ता में आती है, वह राज्य गांधी परिवार के “एटीएम” की तरह बन जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान और धारा 370 का मुद्दा उठाते हुए कहा, “कांग्रेस को धारा 370 से इतना प्रेम क्यों है? 75 वर्षों तक देश में दो संविधान चलाए गए।” उन्होंने कांग्रेस पर संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान के साथ विश्वासघात का आरोप भी लगाया और कहा कि कांग्रेस अपने तरीके से अलग संविधान चलाना चाहती है।
सभा में बीजेपी और महायुति गठबंधन के समर्थन में उत्साह का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “महाराष्ट्र में आज हर किसी की जुबान पर एक ही नारा है – ‘भाजपा- महायुती आहे, तर गती आहे। महाराष्ट्राची प्रगती आहे।’ देश अब विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है और इस दिशा में भाजपा और उसके सहयोगी दल ही गंभीरता से काम कर रहे हैं। यही वजह है कि देश की जनता बार-बार भाजपा और NDA सरकार को चुन रही है।”
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘डबल ड्यूटी’ का जिक्र करते हुए कहा, “देश ने लगातार तीसरी बार NDA को सेवा का मौका दिया है, लेकिन इस बार नांदेड़ का फूल इसमें शामिल नहीं था। अबकी बार नांदेड़ का फूल दिल्ली पहुंचना चाहिए। मैं यहां मोदी के लिए भी मदद मांग रहा हूं और महाराष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी आपका आशीर्वाद चाहता हूं।”
प्रधानमंत्री के इस दौरे में भारी भीड़ और समर्थकों का उत्साह देखा गया, जिसने बीजेपी और महायुति गठबंधन के प्रति समर्थन को मजबूत कर दिया।










