
CRS NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में परिवहन सेवाओं को और अधिक सुलभ, सुगम एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में अनेक योजनाओं का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने जन सेवा केंद्रों के माध्यम से परिवहन सेवाओं की शुरुआत करते हुए प्रदेश के विभिन्न बस स्टेशनों और कार्यशालाओं का डिजिटल लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर निजी क्षेत्र के ATDC, RVSF एवं ATS कंपनियों से जुड़े निवेशकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चयनित महिला परिचालकों को नियुक्ति-पत्र भी भेंट किए गए।
परिवहन सेवाओं को आधुनिक स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री ने डिजिटल बस ट्रैकिंग ऐप ‘यूपी मार्गदर्शी’ और सरल परिवहन हेल्पलाइन 149 का शुभारंभ किया। इसके अतिरिक्त इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट की नई बुकलेट का विमोचन किया गया तथा नवीन बसों और इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि “सरकार का लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश की जनता को सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए। डिजिटल तकनीक के उपयोग से आमजन को और अधिक पारदर्शी व तेज सेवाएं मिलेंगी।”









