
CRS(AGENCY)- राजस्थान के मंत्री और कांग्रेस नेता महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी इस समय ‘फरार’ चल रहे हैं क्यों कि उनके ऊपर 23 साल की एक महिला से रेप का आरोप लगा है। दिल्ली पुलिस की टीम रविवार 15 मई को रोहित को गिरफ्तार करने जयपुर पहुंची, लेकिन वे नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने रोहित जोशी के घर के बाहर नोटिस चिपका दिया। नोटिस में रोहित को पूछताछ के लिए 18 मई को दिल्ली के सदर बाजार थाने में हाजिर होने को कहा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस की 15 सदस्यों की एक टीम रविवार सुबह रोहित जोशी को पकड़ने पहुंची। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने मीडिया को बताया कि पुलिस की टीम शहर में मंत्री के दो घरों पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां नहीं था। उन्होंने बताया, हमारी टीम रोहित जोशी का पता लगाने के लिए सर्च अभियान चला रही है। वो फिलहाल फरार है।
वहीं दूसरी तरफ मंत्री महेश जोशी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली पुलिस के जयपुर में होने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा, कानून को अपना काम करना चाहिए. और सच बाहर आना चाहिए. मैं पुलिस जांच में पूरा सहयोग करूंगा. इस मामले का मीडिया ट्रायल नहीं होना चाहिए।
FIR में महिला ने क्या आरोप लगाया-
FIR करने वाली 23 साल की महिला ने रोहित जोशी के खिलाफ दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि रोहित ने 8 जनवरी 2021 से इस साल 17 अप्रैल तक उसके साथ कई बार रेप किया। इसके अलावा जबरन अबॉर्शन करवाने का भी आरोप है। दिल्ली पुलिस ने रोहित जोशी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार), 328 (अपराध के इरादे से किसी को नशीला पदार्थ खिलाना), 312 (जबरन अबॉर्शन कराना), 366 (किडनैपिंग) के तहत केस दर्ज किया था। महिला ने उसमे यह भी लिखा है कि रोहित जोशी के साथ उसकी दोस्ती पिछले साल ही फेसबुक के ज़रिये हुई थी। रोहित पहले से शादीशुदा था। लेकिन उसने महिला से कहा था कि वो पत्नी से तलाक ले लेगा।









