
विश्व पर्यटन दिवस पर गौरा खसपरी में हुआ भव्य आयोजन, स्कूली बच्चों को मिला सम्मान
गदागंज, रायबरेली, 27 सितम्बर 2025
दीन शाह गौरा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा गौरा खसपरी में शनिवार को विश्व पर्यटन दिवस 2025 के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान रामेश्वरी देवी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अशोक कुमार, उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, तथा विशिष्ट अतिथि विजय बहादुर सिंह, पूर्व सैनिक, उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ज्ञान प्रकाश उपाध्याय, निदेशक, एनपीएस लखनऊ विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशन में किया गया।
इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस की थीम रही – “ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देना व आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम”, जिसके तहत ग्रामीण समुदाय को पर्यटन, स्वरोजगार, सांस्कृतिक संरक्षण और पर्यावरणीय सतत विकास से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के लिए “मेरी पसंदीदा पर्यटन स्थल” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा भजन एवं लोक संगीत प्रस्तुत किया गया, वहीं स्थानीय कहानीकारों ने ग्रामीण जीवन और पर्यटन से जुड़ी कहानियां साझा कीं।
ग्राम के हस्तशिल्प और कुटीर उद्योग से जुड़े हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए और शिल्प को बाजार से जोड़ने के सुझाव दिए। कृषि, जैविक खेती, पशुपालन एवं मत्स्य पालन को पर्यटन के पूरक के रूप में प्रस्तुत करने की बात भी सामने आई।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान कोकिला सिंह, प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य बृजेश सिंह, गंगा सागर, शीतल दीन, कमल सिंह, जसवंत कुमार यादव, रघुवीर, महेंद्र प्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह, जगतपाल यादव, संजय प्रताप सिंह, अखिलेश यादव, अमन सिंह, श्रेया शुक्ला, और हिमांशु सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम प्रधान रामेश्वरी देवी ने सभी अतिथियों, बच्चों, शिक्षकों और ग्रामवासियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन गांव को आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं।









