रामवती की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस ने मांगा दो दिन का समय।

शाहजहांपुर। भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने जलालाबाद में रामवती की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इसके बाद पदाधिकारियों ने थाना जलालाबाद के प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह से भी मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलालाबाद निवासी हृदय नारायण की मां रामवती को 16 अक्टूबर 2026 को कथित तौर पर कुछ लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान 20 अक्टूबर को उनकी मृत्यु हो गई। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की।
पदाधिकारियों से वार्ता के दौरान प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का समय मांगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि दो दिन के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मंडल प्रभारी महेश सागर, जलालाबाद प्रत्याशी हवलदार सिंह उर्फ गुड्डू वर्मा, जिला महासचिव नईम खान, जिला प्रभारी कटरा रविंद्र, हरि राम वर्मा, चांद बाबू, विधानसभा अध्यक्ष मनीष गौतम, जिला उपाध्यक्ष पंकज गौतम, भीम आर्मी से अजीत वाल्मीकि, गौतम कठेरिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद बौद्ध और सुनील सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी पदाधिकारियों ने मामले में शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।





