शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान दलों का रैण्डमाइजेशन, 14 मतदेय स्थलों पर होगा मतदान।

शाहजहांपुर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में मतदान दलों का रैण्डमाइजेशन किया गया। इसके माध्यम से मतदान दलों को मतदेय स्थलों का आवंटन किया गया।
शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। जनपद के सभी 14 मतदेय स्थलों पर मतदान संपन्न कराने के लिए मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था के साथ रवाना किया गया।
मतदान दलों की रवानगी के दौरान सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। उनके पर्यवेक्षण में संबंधित मतदान दलों को निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया। प्रत्येक मतदेय स्थल पर एक पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी और एक माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जा सके।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।





