
ऊंचाहार, रायबरेली । नगर की एक सड़क वर्षों से बदहाल अवस्था में पड़ी है। यह सड़क करीब सात सौ मीटर लम्बी नगर क्षेत्र में है। मरम्मत के अभाव में यह मार्ग विलुप्त हो गई है । सड़क मार्ग में केवल कंकड़ और गड्ढे बचे हुए है । राहगीर आए दिन इसपर गिरकर घायल हो रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ने नगर के लोगों की समस्या को देखते हुए आवागमन सुगम बनाने के लिए डीएम को पत्र लिखा है।
नगर क्षेत्र के खरौली रोड से पिपरहा मार्ग लोक निर्माण द्वारा बनवाया गया था । यह मार्ग करीब सात सौ मीटर नगर सीमा में है ।जिसके दोनो ओर घनी बस्ती है । आबादी में घरों का पानी इसी सड़क के भरता रहता है । जिसके कारण सड़क धीरे धीरे उखड़ती गई और अब स्थिति यह हो गई है कि पूरी सड़क ही उखड़ गई है । सड़क मार्ग के स्थान पर कीचड़युक्त बड़े बड़े गड्ढे और कंकड़ बचा है। इसी मार्ग पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। मार्ग बदहाल होने के कारण राहगीर आएदिन गिरकर घायल होते रहते हैं।
इस बारे में नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल ने जिलाधिकारी को एक पत्र लिखा है । उनका कहना है कि पीडब्ल्यूडी से कई बार इसकी मरम्मत का अनुरोध किया गया , किंतु कोई ध्यान नहीं दिया गया । उन्होंने नगर वासियों की समस्या को देखते हुए आवागमन सुगम बनाने के लिए बुधवार को डीएम से इस बारे में तत्काल कार्रवाई की मांग की है ।










