परिवार परामर्श केंद्र में सुलझा 13 साल पुराने दांपत्य जीवन का विवाद, समझौते के बाद साथ गए पति-पत्नी।

शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में बुधवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए सुनवाई की गई। केंद्र में कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिसमें एक दंपति के बीच आपसी समझौता कराकर उन्हें साथ विदा किया गया।
थाना रोजा क्षेत्र के एक दंपति की शादी करीब 13 वर्ष पहले हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते महिला करीब एक माह से अपने मायके में रह रही थी। मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचने पर दोनों पक्षों को बुलाकर आमने-सामने बैठाया गया और उनकी समस्याओं को सुना गया।
महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है और अपनी भाभी के कहने पर उसके साथ विवाद करता था। उसने यह भी बताया कि पति घर खर्च के लिए पर्याप्त पैसे नहीं देता था। वहीं पति का कहना था कि उसकी ससुराल पक्ष के लोग उसके पारिवारिक मामलों में हस्तक्षेप करते हैं, जिसके कारण दोनों के बीच विवाद होता था।
परामर्श केंद्र के सदस्यों ने दोनों पक्षों को पारिवारिक जीवन में आपसी विश्वास, सहयोग और संवाद के महत्व को समझाया। काउंसलिंग के बाद पति अपनी पत्नी की बात मानने और आपसी विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने के लिए तैयार हो गया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद दंपति को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल साथ विदा किया गया।
इस दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी पिंकी, नेहा चौहान, शीतल चौहान, निशा मिश्रा, रश्मि चौधरी, मोनिका कुमारी तथा आरक्षी विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।







