
CRS AGENCY। उत्तर प्रदेश में मानसून ट्रफ के दक्षिण हिस्से की ओर शिफ्ट हो जाने से बारिश में ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को लखनऊ में स्थानीय कारणों से बूंदाबांदी हुई और बस्ती में महज 5 मिमी. बरसात के अलावा पूरे प्रदेश में कहीं बारिश दर्ज नहीं हुई। अगले कुछ दिन पूरे प्रदेश में शुष्क हालात रहेंगे और तापमान बढ़ने का दौर जारी रहेगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानियों के मुताबिक ओडिशा तट पर बने कम दबाव क्षेत्र के प्रभाव से मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसकी है। इस कारण मानसून के अनुकूल परिस्थितियां अप्रभावी हो गई हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बुधवार को अधिकतम 2.6 डिग्री तक पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सर्वाधिक तापमान प्रयागराज में 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पारे में अधिकतम 6.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 जुलाई से बरसात फिर से शुरू हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ एचआर रंजन के मुताबिक मानसून के अनुकूल परिस्थितियां विकसित होने पर पूरे प्रदेश में मानसून 28 जुलाई से फिर एक्टिव होगा। इसके बाद फिर बरसात होगी।









