
CRS NEWS: उत्तरप्रदेश की राजनीति में अब बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने भाजपा की कार्यशैली की तुलना ‘सोन पापड़ी’ से कर दी है।
अखिलेश यादव का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के पास सच का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि— भाजपा की झूठ की सोन पापड़ी है, जहाँ एक झूठ की परत के ऊपर दूसरी परत चढ़ा दी जाती है।
इतना ही नहीं, पूर्व मुख्यमंत्री ने चुनाव प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में बेईमानी की जा रही है। उनके मुताबिक, चुनाव जीतने के लिए न केवल EVM में गड़बड़ी की आशंका है, बल्कि बड़े पैमाने पर विपक्ष के वोट काटने का काम भी किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जब विपक्ष इन धांधलियों पर सवाल उठाता है, तो भाजपा से डरी हुई या उनके इशारे पर काम करने वाली मीडिया, सच दिखाने के बजाय विपक्ष को ही कटघरे में खड़ा कर देती है।
मीडिया पर हमला बोलते हुए सपा प्रमुख ने एक बड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि आज जनता इतनी आक्रोशित है कि पत्रकारों को देखते ही दौड़ा रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और बिकने के बजाय सच का साथ देना चाहिए, क्योंकि लोकतंत्र में तर्क करना अनिवार्य है और भाजपा तर्क से भाग रही है।
अखिलेश यादव ने आम आदमी की जेब का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महंगाई रोकने के लिए कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया। सरकार केवल अपने चुनिंदा करीबियों और बड़े व्यापारियों को मुनाफा कमाने का मौका दे रही है, जबकि गरीब और मध्यम वर्ग महंगाई की चक्की में पिस रहा है।
अब देखना यह होगा कि अखिलेश यादव के इन ‘सोन पापड़ी’ वाले तंज और तीखे सवालों पर सत्ता पक्ष की ओर से क्या पलटवार आता है।










