
CRS AGENCY। बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम वेशभूषा बदल शराब तस्करों को पकड़ने गई, लेकिन यह दांव टीम को ही उल्टा पड़ गया. टीम को शराब तस्करों ने बंधक बना लिया और सवाल-जवाब करने लगे. सिपाहियों ने फोन पर विभाग के अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद दूसरी टीम मौके पर पहुंची. टीम ने थाने की पुलिस को भी बुलाया, जिसके बाद आबकारी विभाग के सिपाहियों को छुड़ाया जा सका. सिपाहियों को बंधक बनाने के आरोप में पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
दरअसल, भोजीपुरा थाना क्षेत्र के मझौआ गांव के आसपास कच्ची शराब बनाने का धंधा होता है। बीते मंगलवार को आबकारी विभाग के सिपाहियों की टीम कच्ची शराब बनाने का धंधा करने वाले माफियाओं को पकड़ने गई थी। टीम में सिपाही मरगूब हुसैन, मुनाजिर हुसैन और योगेश कुमार शामिल थे. तीनों सिपाही भेष बदलकर, लुंगी-बनियान पहनकर उत्तराखंड के नंबर की कार से आए थे. गांव से उन्होंने दो शराब माफियाओं को पकड़ लिया।
आरोपियों को पकड़कर तीनों सिपाही गाड़ी की तरफ ले जाने लगे। माफियाओं के शोर मचाने पर कई शराब माफिया और आ गए. गांव वालों ने लुंगी पहने सिपाहियों को पकड़ लिया और शराब माफियाओं के अपहरण का अंदेशा जताते हुए उन्हें बंधक बना लिया। ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी तो यह देख सिपाही घबरा गए. उन्होंने कहा कि वे सिपाही हैं, लेकिन शराब माफिया को उनकी बात पर यकीन नहीं हुआ।










