
CRS/AGENCY(उत्तरप्रदेश)। अब उत्तरप्रदेश को पूर्ण रूप से डिजिटल बनाने का काम तेज़ हो गया है। हाई स्पीड इंटरनेट के साथ अब गांवों को भी स्मार्ट सिटी की तरह स्मार्ट बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। गांवों में अब जल्द ही हाई स्पीड इंटरनेट के साथ फ्री वाई-फाई की सुविधा भी मिलने जा रही है। उत्तरप्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद शासनादेश जारी कर दिया गया है।
शासनादेश के अनुसार-
शासनादेश के अनुसार, प्रदेश की 58,189 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय की स्थापना का काम चल रहा है। ग्राम पंचायत कार्यालय को ग्राम सचिवालय के नाम से स्थापित किया जा रहा है। बताया गया है कि गांव की जनता को विभिन्न विभागों से जिन दस्तावेजों/अभिलेखों/कागज़ात की आवश्यकता पड़ती है, उन्हें ग्राम सचिवालय में पंचायत सहायक/कॉमन सर्विस सेंटर(CSC) के माध्यम से प्राप्त किया जा सके, इसकी भी व्यवस्था बनाई जा रही है।
इस संबंध में शासन की तरफ से अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने निदेशक पंचायतीराज को निर्देश दिए हैं की ग्राम पंचायतों में ग्रामीण लोगों की क्षमता का पूर्ण विकास व नई आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इंटरनेट ज़रूरी है। इसके तहत ग्राम पंचायत/ग्राम सचिवालय को हाई स्पीड इंटरनेट सुविधा मिलेगी। ग्राम सचिवालय के 50 मीटर के दायरे में ग्रामवासी फ्री वाई-फाई की सुविधा ले सकेंगे।










