
हरदोई कोतवाली शहर क्षेत्र के चांद बेहटा मोहल्ले में सोमवार सुबह करीब 11:03 बजे बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोल पंप के सामने सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा था। इसी दौरान JCB की बकेट जमीन के करीब 3 फुट नीचे दबी PNG की पाइपलाइन में जा लगी। पाइप बीच से चिर गई और उससे सफेद बदबूदार गैस का करीब 20 फुट ऊंचा फव्वारा सीधे आसमान की ओर उठने लगा।
गैस निकलने की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। आवाज सुनते ही JCB चालक JCB छोड़कर भाग गया। मजदूर फावड़ा-तसला फेंककर भागे। पेट्रोल पंप पर खड़े लोग अपनी बाइकें वहीं छोड़कर भाग गए, क्योंकि एक चिंगारी भी पूरे मोहल्ले को राख कर सकती थी। महज 5 मिनट में पूरी सड़क सुनसान हो गई। दुकानों के शटर बंद हो गए। महिलाएं बच्चों को लेकर घरों से बाहर आ गईं। लोगों ने 112, डीएम और HPCL को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, शहर कोतवाल संजय त्यागी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी महेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने 100 मीटर के दायरे में किसी को आने से रोक दिया। मोबाइल, बीड़ी-सिगरेट बंद कराई गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने पाइप पर पानी की बौछार शुरू की, ताकि कोई चिंगारी न भड़के। पुलिस ने चारों तरफ घेरा डाल दिया।
सबसे पहले लखनऊ चुंगी पर लगे मेन वॉल्व को बंद कराया गया। इसके बाद भी पाइप में भरी गैस सुबह 11:05 से दोपहर 12:02 बजे तक, करीब 57 मिनट तक निकलती रही। आवाज बंद होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
इस हादसे से चांद बेहटा, आवास विकास, सिविल लाइंस और कोतवाली क्षेत्र के करीब 3000 घरों में PNG आपूर्ति ठप हो गई। महिलाओं को दोबारा लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ा। होटलों की भट्ठियां बंद हो गईं।
बताया जा रहा है कि 7 महीने में यह तीसरी बार है, जब JCB से PNG पाइप टूटी है। इससे पहले रेलवेगंज और बावन चुंगी में भी ऐसी ही घटना हो चुकी है। आरोप है कि ठेकेदार ने बिना नक्शा देखे और बिना HPCL को सूचना दिए खुदाई कराई।
सिटी मजिस्ट्रेट ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। ठेकेदार पर FIR की कार्रवाई की जाएगी। HPCL से भी पूछा जाएगा कि पाइप इतनी ऊपर क्यों दबी थी।






