
CRS NEWS रायबरेली, 25 जुलाई 2024 जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में बचत भवन स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में कर करेत्तर, वसूली एवं राजस्व कार्यो की प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम व तहसीलदारों से कहा कि अपने क्षेत्रों में राजस्व कार्यों की प्रगति के लिए नियमित रूप से निरीक्षण कर लक्ष्यों की पूर्ति करें। उन्होंने परिवहन विभाग से कहा कि अवैध वाहनों एवं यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर चालान करने की गति में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग कर आदि की वसूली में अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्रत्येक दशा में प्राप्त कराना सुनिश्चित कराये। उन्होंने आबकारी अधिकारी को निर्देश दिये कि शराब की दुकानों पर नियमित रूप से जांच आदि सहित अन्य कार्यवाही भी नियमानुसार करें। वन विभाग की लक्ष्य के सापेक्ष अधिक प्रगति होने पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रगति को बनाए रखने के निर्देश दिए।
मण्डी विभाग में आवक की गति ठीक ना होने पर उन्हें निर्देशित किया कि प्रगति कर जल्द अवगत कराएं। परिवहन, आबकारी, विद्युत, व्यापार कर, खनन, स्टाम्प, नगर निकाय सहित अन्य विभागों के राजस्व वसूली की समीक्षा कर कम वसूली वाले विभागों को प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि वाणिज्य कर विभाग अपना प्रवर्तन का कार्य बढ़ाये और नियमानुसार कर आदि का वसूली को सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्र के अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में नियमानुसार ईकाईयों से कर आदि की वसूली का कार्य किया जाए।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अमृता सिंह,अपर जिलाधिकारी (प्र) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी न्यायिक अहमद फरीद ख़ान , नगर मजिस्ट्रेट बाबूराम सहित समस्त उपजिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










