
CRS NEWS रायबरेली,5 अगस्त 2024 जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक कर स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ संचालित कराने के निर्देश दिए। साथ ही विशेष प्रयास कर प्रगति में सुधार लाने को कहा। उन्होंने शासन द्वारा संचालित समस्त स्वास्थ्य योजनाओं का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करते हुए अधिक से अधिक जन सामान्य को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में समिति के समक्ष अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने, संस्थागत प्रसव, जननी सुरक्षा योजना, नवजात शिशु टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, आशा भुगतान, आशा रिपोर्टिंग, नियमित टीकाकरण, फैमिली प्लानिंग, सहित अन्य योजनाओं/कार्यक्रमों की समीक्षा तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं/कार्यक्रमों का सही ढंग से क्रियान्वयन करने एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सीएचसी, पीएचसी हेल्थ वेलनेस सेंटर आदि का निरीक्षण कर लिया जाए तथा जहां पर जो भी कमियां हैं उसमें सुधार करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को आयरन युक्त गोलियां उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उनको स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी भी दी जाए।
फाइलेरिया उन्मूलन के लिए दिए विशेष निर्देश
10 अगस्त से 2 सितंबर 2024 तक चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित को निर्देश देते हुए कहा कि सभी सरकारी कार्यालयो,संस्थाओं तथा सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को फाइलेरिया की दवा मुफ्त खिलाई जाए। साथ ही इसका व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाएगा। लोगों को फाइलेरिया रोग से बचने के उपायो के बारे में भी बताएं जाए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीरेंद्र सिंह, सीएमएस डॉ निर्मला साहू, डॉ अरविंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा समस्त एमओआईसी मौजूद रहे।










