
ऊंचाहार, रायबरेली। दो अलग अलग सड़क दुर्घटना में एक किशोरी समेत एक महिला घायल हो गई। दोनो को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पहली घटना क्षेत्र के अरखा बाजार की है। जहां उसरैना गांव की राजकुमारी पूरे अयोध्या मजरे कोटरा बहादुरगंज में अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर मंगलवार को बुआ के बेटे के साथ वापस घर जा रही थी। रास्ते में अरखा बाजार के पास ठेले से टकराकर वह घायल हो गई। ईलाज के लिए उसे सीएचसी ले जाया गया है। दूसरी घटना सवैया धनी रेलवे क्रॉसिंग के निकट की है। जहां पूरे बरई मजरे सवैया धनी गांव निवासी अनूप कुमार की पुत्री आयशा 10 वर्ष मंगलवार की दोपहर रेलवे क्रॉसिंग के निकट बकरी चरा रही थी। बताते हैं कि वह किसी काम से सड़क पार कर रही थी तभी अल्टो कार संख्या यूपी 32 केपी 4876 ने उसे टक्कर मार दिया । जिससे वह घायल हो गई और घबरा गई। परिजन व पूर्व ग्राम प्रधान राजेश मौर्य द्वारा उसे ईलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सीएचसी अधीक्षक डा0 मनोज शुक्ला ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल एक किशोरी व महिला का इलाज किया गया है। दोनों के हालत में सुधार होने पर घर भेज दिया गया है।










