
CRS NEWS: रायबरेली 30 सितंबर 2024: महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के बल्ला मोड़ के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें स्कूली बच्चों से भरी तेज रफ्तार बस ने पहले एक एंबुलेंस को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर साइकिल सवार शिक्षक को कुचलते हुए गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में साइकिल सवार प्राइवेट शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल की है, जब छुट्टी के बाद स्कूल बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। बस चालक की लापरवाही के चलते तेज रफ्तार बस ने 108 एंबुलेंस को टक्कर मार दी। इसके बाद भागने के प्रयास में बस ने साइकिल सवार शिक्षक को कुचल दिया। साइकिल सवार शिक्षक की मौत मौके पर ही हो गई।
बस की टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। बस में सवार बच्चों में इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुँचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृत शिक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, घायल बच्चों का इलाज नजदीकी सीएचसी में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।










